; पीएम की प्रेरणा से 4 हजार किमी साइकिल चला चुके नवीन, नड्डा ने बढ़ाया हौसला.. - Navyug Pathik

 

देहरादून 27 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील से प्रेरित होकर साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर का केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार को उत्साहवर्धन किया। नवीन अब तक करीब चार हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल चलाकर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे चुके हैं।

जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री नड्डा के आगमन के दौरान नवीन ठाकुर साइकिल से ही वहां पहुंचे। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे। नड्डा ने नवीन से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और शुभकामनाएं दीं।

नड्डा ने कहा कि साइकिल का उपयोग केवल ईंधन बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात के दबाव को कम करने की दिशा में भी प्रभावी पहल है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का उपयोग करें तो ईंधन की बचत के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 10 मई 2026 को देशवासियों से ईंधन बचाने का आह्वान किया था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय यात्राओं के लिए साइकिल को अपना नियमित परिवहन साधन बना लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं और बड़ी मात्रा में होने वाले ऊर्जा आयात का उल्लेख करते हुए पेट्रोल-डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की थी, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने यह संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय सहित आसपास के सभी कार्यों के लिए वह साइकिल का उपयोग करते हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है और वह प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हैं। वहीं उत्तरकाशी, पुरोला, टिहरी, कोटद्वार और चंपावत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की यात्राओं के लिए दोपहिया वाहन का उपयोग करते हैं, जिससे चारपहिया वाहनों के उपयोग और ईंधन की खपत को कम किया जा सके।

नवीन ठाकुर की इस पहल से प्रेरित होकर कई युवाओं ने भी अपने दैनिक कार्यों के लिए साइकिल का उपयोग शुरू किया है, जिससे ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का सकारात्मक संदेश समाज में पहुंच रहा है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *