; मोरी ब्लॉक के देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग मामले में माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने दिखाई संवेदनशीलता, तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश। - Navyug Pathik

देहरादून/उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड अंतर्गत देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सचिव एवं पत्रकार जे.पी. ध्यानी तथा स्थानीय समाजसेवी श्री कुलदीप सिंह रावत ने माननीय ग्राम्य विकास मंत्री एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के प्रभारी मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी जी से शिष्टाचार भेंट कर सड़क की बदहाल स्थिति, आगामी सेब सीजन तथा क्षेत्र के हजारों बागवानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी जी ने अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने बिना किसी विलंब के संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क के संबंध में प्राप्त शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी जी ने आश्वासन दिया कि आगामी सेब सीजन शुरू होने से पहले देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग का अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के हजारों बागवानों को अपनी सेब की फसल देश की विभिन्न मंडियों तक पहुँचाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी जी ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर जे.पी. ध्यानी ने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी जी का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय समाजसेवी श्री कुलदीप सिंह रावत ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री जी के हस्तक्षेप से सड़क का अनुरक्षण कार्य शीघ्र पूरा होगा और क्षेत्र के हजारों किसानों एवं बागवानों को समय पर राहत मिलेगी।

By NewsDesk Navyug Pathik

Navyug Pathik is a popular digital news platform that regularly publishes articles on national and international news, important current affairs, public issues, government schemes, appeals, and significant decisions on a daily basis.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *