उत्तरकाशी । जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित देवरा–हल्टाड़ी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के निर्माण एवं डामरीकरण में गंभीर अनियमितताएँ, घटिया निर्माण कार्य तथा वित्तीय गड़बड़ियाँ हुई हैं, जिसके कारण कुछ ही वर्षों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई डामर और कीचड़ के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सबसे अधिक परेशानी इस क्षेत्र के बागवानों को हो रही है, क्योंकि मोरी विकासखंड की यह पट्टी उत्तराखंड की प्रमुख एप्पल बेल्ट मानी जाती है। आगामी 15 से 20 दिनों में सेब सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे में किसानों के सामने अपनी उपज देश की विभिन्न मंडियों तक पहुँचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत नहीं कराई गई तो हजारों बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए। उनका यह भी कहना है कि यदि सड़क अभी भी वर्ष 2027 तक ठेकेदार की अनुरक्षण (मेंटेनेंस) अवधि में है, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार संबंधित ठेकेदार से ही मरम्मत कराई जाए और यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सचिव एवं पत्रकार डॉ. जे.पी. ध्यानी ने कहा कि वह जल्द ही PMGSY के माननीय मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी एवं ग्राम्य विकास विभाग के सचिव से मुलाकात कर इस पूरे प्रकरण के तत्काल निस्तारण, सड़क की शीघ्र मरम्मत तथा निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे।
हालांकि, इस मामले में संबंधित विभाग या ठेकेदार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
